![]()
महोबा में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के बेटे पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने बहू की लिखित शिकायत पर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना महोबा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के भीतरकोट मोहल्ले की है। यहां रहने वाले 65 वर्षीय जगदीश अहिरवार का शव उनके घर में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक के भतीजे प्रदीप और महेंद्र ने अपने चचेरे भाई सुरेंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुरेंद्र शराब का आदी है।
परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले सुरेंद्र ने शराब के नशे में अपने पिता जगदीश के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इस दौरान बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई थीं और उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। भतीजों ने बताया कि वे अपने चाचा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन अत्यधिक कमजोरी के कारण वह बाइक पर बैठने की स्थिति में नहीं थे। इसी वजह से उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगले दिन दिल्ली से मजदूरी कर लौटी मृतक की बहू और बेटे सुरेंद्र ने भी घायल बुजुर्ग का कोई इलाज नहीं कराया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह मोहल्ले के कुछ युवक पास में आयोजित शादी समारोह में खाना खाने के लिए जगदीश को बुलाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि बुजुर्ग के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। पास जाकर देखने पर वह मृत अवस्था में पड़े मिले। इस बीच, किसी भी पारिवारिक विवाद या खुद पर आरोप लगने की आशंका के चलते मृतक की बहू पूजा ने पुलिस को लिखित पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि भीतरकोट मोहल्ला निवासी जगदीश पुत्र ऊदल की मृत्यु की सूचना उनकी पुत्रवधू द्वारा थाना कोतवाली में दी गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
महोबा में बुजुर्ग की मौत, बेटे पर मारपीट का आरोप:दो दिन पहले बेटे ने की थी मारपीट, पुलिस जांच में जुटी














Leave a Reply