धमतरी में पिकअप से कुचलकर युवक की मौत, VIDEO:सड़क पर पैदल चल रहे व्यक्ति को बचाने में हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी




छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से गिरने के बाद पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना गुरुवार को धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघा मेन रोड पर हुई। मृतक की पहचान ग्राम अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद (25) के रूप में हुई है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यशवंत निषाद अपनी बाइक से सड़क पर जा रहा था। अचानक उसके सामने एक पैदल व्यक्ति आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यशवंत सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन यशवंत को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। मगरलोड पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *