पुलिस ने सागर निवासी रेशू और हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौर में शराब कारोबारी चिंटू ठाकुर को धमकाने से जुड़े हनीट्रैप-2 मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर निवासी रेशू उर्फ अभिलाषा और इंदौर पुलिस की इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
.
दोनों को मजिस्ट्रेट के बंगले पर पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 25 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस हाईप्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारियों ने भी इंदौर पुलिस से पूरे केस की जानकारी जुटाई है।
सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क में कई नेता, अफसर और बड़े कारोबारी जुड़े होने की आशंका है। अब तक इस केस में कथित लेडी तस्कर अलका दीक्षित, लाखन चौधरी, जयदीप, जितेंद्र पुरोहित और कथित मास्टरमाइंड श्वेता जैन समेत कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस ने श्वेता और अलका को गिरफ्तार किया है।
इंदौर से दिल्ली तक फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि भोपाल के चर्चित हनीट्रैप-1 मामले की मुख्य आरोपी श्वेता जैन के साथ मिलकर रेशू उर्फ अभिलाषा कई प्रभावशाली लोगों के संपर्क में थी। बताया जा रहा है कि उसका नेटवर्क सागर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ था। रेशू सागर में भाजपा के अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा की नगर अध्यक्ष भी रह चुकी है।
वह मूल रूप से सागर के मकरोनिया क्षेत्र की रहने वाली है। जानकारी के मुताबिक, पढ़ाई के लिए वह ओमान गई थी, जहां उसने एक कारोबारी से शादी की, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। भारत लौटने के बाद उसने राजनीति में सक्रियता बढ़ाई और सागर में यूपीएससी कोचिंग सेंटर भी संचालित किया। इस दौरान उस पर कुछ लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप भी लगे।
विधायक परिवार से विवाद भी आया था सामने
सूत्रों के अनुसार, सागर में एक विधायक से नजदीकियों को लेकर रेशू चर्चा में आई थी। बताया जाता है कि विधायक की पत्नी और परिजनों ने सार्वजनिक रूप से उसे फटकार भी लगाई थी। इसके बाद वह मकरोनिया क्षेत्र में कई संदिग्ध और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के संपर्क में आ गई। जांच एजेंसियों को उसके दिल्ली में एक केंद्रीय राज्य मंत्री से करीबी संबंधों की भी जानकारी मिली है।

शुरू किया था कोचिंग संस्थान भी
रेशु इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल में खुद को कभी यूपीएससी प्री परीक्षा क्वालिफाइड, तो कभी एमपीपीएससी प्री-2016 पासआउट बताती थी। कुछ प्रोफाइल में उसने रेवेन्यू सर्विस में चयनित होने का दावा भी किया। वर्ष 2016 में उसने “ब्रह्मपुत्र आईएएस अकादमी” नाम से कोचिंग संस्थान भी शुरू किया था, जो कुछ समय बाद बंद हो गया।
नरयावली विधानसभा सीट से चुनाव की थी तैयारी
कोविड काल में वह कई भाजपा नेताओं और एक विधायक के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय दिखाई दी थी। उस दौरान उसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए थे, जिससे उसकी राजनीतिक पहुंच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। चर्चा यह भी रही कि भोपाल के एक बड़े भाजपा नेता के संपर्क में आने के बाद उसने नरयावली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी।
क्षेत्र में होर्डिंग्स लगवाकर उसने अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई थी। हालांकि, वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदीप लारिया को प्रत्याशी बना दिया और उसकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं अधूरी रह गईं। फिलहाल इंदौर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक रूप से किसी बड़े खुलासे की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामला सामने आने के बाद सागर के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
1. जेल में श्वेता-अलका की दोस्ती, बाहर आकर बनाया हनीट्रैप गैंग
इंदौर के हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग कांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ चिंटू ठाकुर से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाले गिरोह की मास्टरमाइंड भोपाल निवासी श्वेता विजय जैन बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि श्वेता और शराब तस्करी से जुड़ी अलका दीक्षित की दोस्ती जिला जेल में हुई थी। वहीं हनीट्रैप नेटवर्क की योजना बनी। पढे़ं पूरी खबर…
2. शराब कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाया, एक करोड़ मांगे
इंदौर में शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ चिंटू ठाकुर को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने महिला शराब तस्कर अलका दीक्षित, उसके बेटे जयदीप, प्रॉपर्टी कारोबारी लाखन चौधरी समेत हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को हिरासत में लिया है। आरोप है कि ये गैंग, कारोबारी के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपए की डिमांड कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर…
3. बीजेपी की नेता हिरासत में:वीडियो-ऑडियो रिकवर कर रही पुलिस शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर से जुड़े हनी ट्रैप मामले में इंदौर पुलिस ने एक और महिला आरोपी को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को सागर से हिरासत में ली गई इस आरोपी का नाम रेशू उर्फ अभिलाषा चौधरी है। इसे हनी ट्रैप नेटवर्क की मुख्य कड़ी माना जा रहा है। रेशू भाजपा के एक प्रकोष्ठ में पदाधिकारी रह चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…














Leave a Reply