प्रयागराज में डॉक्टर-वकील विवाद पर AMA की प्रेस कॉन्फ्रेंस:कल से हड़ताल की चेतावनी, सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए




प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान एएमए ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए और चेतावनी दी कि अगर डॉक्टरों को उचित सुरक्षा नहीं दी गई तथा उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई, तो शनिवार से सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह एसआरएन अस्पताल के ट्राएज क्षेत्र में एक मरीज के अटेंडेंट और जूनियर डॉक्टरों के बीच विवाद हुआ था। उनके अनुसार ट्राएज में बड़ी संख्या में अटेंडेंट घुस आए थे और वीडियो व फोटो बना रहे थे। डॉक्टरों द्वारा विरोध करने पर कहासुनी शुरू हुई जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए केवल डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिससे डॉक्टरों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अगर अगले 24 घंटे में डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई और दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो एएमए से जुड़े सभी डॉक्टर हड़ताल पर जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. मिश्रा ने यह भी कहा कि एएमए किसी भी जूनियर डॉक्टर के गलत व्यवहार का समर्थन नहीं करता। उन्होंने माना कि लंबे समय तक ड्यूटी और पढ़ाई के दबाव के कारण कभी-कभी तनाव की स्थिति बन जाती है, लेकिन डॉक्टरों को मरीजों और उनके परिजनों के साथ विनम्र व्यवहार करने की सलाह दी जाती है। वहीं पूरे मामले को लेकर मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और एसआरएन अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *