![]()
फर्रुखाबाद में बुधवार शाम शिकोहाबाद से कासगंज जा रही एक पैसेंजर ट्रेन पर यात्रियों में मारपीट और पथराव की घटना सामने आई थी। इस मामले में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात सिपाही की तहरीर पर मैनपुरी जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर के अनुसार, यह विवाद ऊगरपुर स्टेशन से शुरू हुआ और श्रीमद् द्वारिकापुरी स्टेशन पर नीचे खड़ी भीड़ ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। मैनपुरी जीआरपी थाने के सिपाही यशपाल, जो आगरा के नगला बिंदु गांव के निवासी हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्हें चार नंबर बोगी में दो यात्रियों के बीच विवाद की जानकारी मिली। सिपाही यशपाल ने बताया कि कोच में जाना संभव नहीं था। जब ट्रेन श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट पर रुकी, तो चार-पांच लोग एक यात्री को नीचे खींच रहे थे। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। ट्रेन चलने से पहले ही आरोपी यात्री को नीचे खींचने में सफल हो गए। जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, नीचे खड़े नौ-दस लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस पर यात्रियों ने खिड़कियां बंद कर लीं। घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। मैनपुरी जीआरपी थानाध्यक्ष सोनू शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें चिह्नित करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने शीघ्र ही मारपीट और पथराव करने वालों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
Source link
ट्रेन पर पथराव मामले में एफआईआर दर्ज:श्रीमद् द्वारिकापुरी स्टेशन पर भीड़ ने फेंके थे पत्थर, सिपाही की शिकायत पर एक्शन















Leave a Reply