दंदरौआ धाम में सुरक्षा रेलिंग लगाने पर विवाद:भीड़ नियंत्रण के लिए लिया गया था निर्णय, सामाजिक संगठन के लोग कर रहे विरोध




भिंड जिले के प्रसिद्ध दंदरौआ धाम डॉक्टर हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्य प्रवेश मार्ग पर सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने का कार्य शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया। रेलिंग लगाने के फैसले को लेकर कुछ सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग विरोध में उतर आए। दोपहर बाद करीब दो दर्जन लोग मंदिर परिसर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी हालात संभालने पहुंचे। भीड़ नियंत्रण के लिए लिया गया था निर्णय जानकारी के अनुसार, मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा काफी समय पहले यह निर्णय लिया गया था कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य गैलरी और प्रवेश मार्ग पर रेलिंग लगाई जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी प्रकार की भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। योजना के तहत मुख्य मार्ग में बैठने वाले प्रसाद विक्रेताओं को मंदिर के मुख्य गेट के बाहर व्यवस्थित स्थान देने की तैयारी भी प्रशासन द्वारा की जा रही थी। रेलिंग लगते ही शुरू हुआ विरोध इसी प्रक्रिया के तहत बुधवार को रेलिंग लगाने का काम शुरू हुआ, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। प्रारंभ में कम संख्या में पहुंचे लोगों को पुलिस समझाइश देकर थाने ले गई और बाद में छोड़ दिया गया। इसके बाद दो दर्जन से अधिक लोग फिर एकत्रित होकर मंदिर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से मंदिर गैलरी में प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। महंत बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि मामले में दंदरौआ धाम के महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज ने कहा कि कुछ लोग मंदिर विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने पारदर्शिता पर उठाए सवाल वहीं विरोध कर रहे अनिल गुर्जर का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता नहीं है तथा प्रसाद विक्रेताओं के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि रेलिंग लगाने के नाम पर वर्षों से बैठे दुकानदारों को हटाया जा रहा है। मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी गई है। यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देखें तस्वीरें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *