![]()
इंदौर में गहराते जल संकट और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं को लेकर प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है। शहर की जल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार को रेसीडेंसी कोठी में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शंकर लालवानी, मेयर पुष्यमित्र भार्गव, शहर के विधायक, कलेक्टक शिवम वर्मा, निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या न होने पाए। जरूरत पड़ने पर टैंकरों की संख्या बढ़ाकर नियमित और समयबद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बैठक में शहर की बढ़ती आबादी और जल मांग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 से जितना नर्मदा जल शहर की टंकियों में पहुंच रहा है, लगभग उतनी ही मात्रा आज भी मिल रही है, जबकि शहर का विस्तार और जनसंख्या लगातार बढ़ी है। इसी कारण जल वितरण पर दबाव बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में समस्या सामने आ रही है। मेयर ने जल व्यवस्था के रखरखाव और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपए की मांग भी रखी। संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन क्षेत्रों में बार-बार पेयजल संकट की स्थिति बन रही है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टैंकर आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।
Source link
इंदौर में जल संकट पर प्रशासन अलर्ट:ACS अनुपम राजन ने की उच्चस्तरीय बैठक; शहर में पानी के टैंकर बढ़ाने का फैसला














Leave a Reply