UP Evening Bulletin Update; Govt Employee DA Hike


.

आज की सबसे बड़ी खबर यूपी के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाए जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर IPS अफसरों के ट्रांसफर से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- यूपी में महंगाई भत्ता 2% बढ़ाकर 60% किया, 28 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स को फायदा

यूपी सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) 2% बढ़ा दिया। अब 58% की जगह 60% डीए मिलेगा। प्रदेश में 16 लाख कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स हैं। यानी, कुल 28 लाख कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। 1 जनवरी 2026 से कर्मचारी और पेंशनर्स को 60% महंगाई भत्ते की दर से भुगतान किया जाएगा। अप्रैल तक के भत्ते का एरियर मिलेगा। पूरी खबर पढ़ें

2- ADG आलोक सिंह को नहीं मिली मनपसंद पोस्टिंग, 9 IPS अफसरों के ट्रांसफर

यूपी में 9 IPS अफसरों के ट्रांसफर हुए हैं। कानपुर के ADG आलोक सिंह को प्रमोशन के बाद पीएसी में DG के पद पर तैनाती दी गई है। जबकि आगरा की एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का ADG बनाया गया है। ADG क्राइम एसके भगत को आगरा का ADG जोन बनाया गया है। ADG ट्रैफिक ए. सतीश गणेश को एडीजी क्राइम की भी जिम्मेदारी दी गई है। पूरी खबर पढ़ें

3- यूनिवर्सिटी-कॉलेजों में ड्रेस कोड लागू होगा, राज्यपाल बोलीं- भेदभाव की भावना कम होगी

यूपी की सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को राजभवन में समीक्षा बैठक के दौरान ये फैसला लिया। उन्होंने कहा- सभी जगह ड्रेस कोड लागू हो। इसके लागू होने से छात्रों के बीच अमीरी-गरीबी या सामाजिक भेदभाव की भावना कम होगी। जब सभी एक जैसे यूनिफार्म में नजर आएंगे तो बराबरी का माहौल बनेगा। पूरी खबर पढ़ें

4- शुभेंदु PA हत्याकांड- राज सिंह को क्लीनचिट मिली, नाम के कंफ्यूजन में उठाया था

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में अरेस्ट बलिया के राज सिंह को क्लीन चिट मिल गई है। राज को नाम के कंफ्यूजन में अरेस्ट किया गया था। रिहाई के बाद राज सिंह ने कहा- हर समय डर लगता था कि कहीं मेरा फर्जी एनकाउंटर न कर दें। सीबीआई के अनुसार, मुख्य शूटर राजकुमार सिंह के भ्रम में राज सिंह को अरेस्ट किया गया था। पूरी खबर पढ़ें

5- यूपी में पारा 44°C, बिजली कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल; शेरों के लिए लगाए AC

यूपी गर्मी और लू की चपेट में है। पारा 44°C पार हो चुका है। बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गर्मी में बिजली कटौती की शिकायतों को देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के अवकाश 31 जुलाई तक रद्द कर दिए गए। बलरामपुर में 8 छात्राएं बेहोश हो गईं। चिड़ियाघरों में शेरों के लिए AC लगाए गए। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…

6- शंकराचार्य Go-LX पर गाय खरीदेंगे, नई वेबसाइट का ऐलान कर बोले- गोमाता को कटने नहीं देंगे

गोहत्या के खिलाफ आंदोलन चला रहे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अब गायों की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त का ऐलान किया है। शंकराचार्य ने “गो-एलएक्स (Go-LX)” नाम से एक वेबसाइट शुरू करने का फैसला किया है, जिसके माध्यम से गायों की खरीद की जाएगी। शंकराचार्य बोले-गोमाता को कटने नहीं देंगे और किसी गोहत्यारे को गाय खरीदने नहीं देंगे। पूरी खबर पढ़ें

7- प्रयागराज में हिस्ट्रीशीटर की 5 गोली मारकर हत्या; दौड़ाकर बरसाईं गोलियां

प्रयागराज में गुरुवार सुबह हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने फोन कर घर से 100 मीटर दूर बुलाया और उससे बातचीत की। हिस्ट्रीशीटर घर लौटकर सीढ़ियों पर खड़ा था, तभी स्कूटी से दोनों हमलावर पहुंच गए। एक ने तमंचा निकाल हिस्ट्रीशीटर को एक गोली मारी। भागा तो पीछा कर दूसरी गोली मारी। वह गिर पड़ा, फिर उस पर ताबड़तोड़ तीन और गोलियां मारीं। पूरी खबर पढ़ें

8- जौनपुर में अफसरों के सामने टॉवर से कूदा युवक, खेत पर रास्ता बनने से परेशान था

जौनपुर में 100 फीट ऊंचे टॉवर से कूदकर युवक ने जान दे दी। युवक 7 घंटे से टॉवर पर चढ़ा था। अधिकारी सरकारी वाहन से युवक को लेकर भागे और सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक खेत से रास्ता निकाले जाने से नाराज था और दोबारा नाप कराने की मांग कर रहा था। तहसीलदार ने बताया- दो बार जमीन की नापी कराई जा चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें

9- लखनऊ मेयर के अधिकार छीने, हाईकोर्ट ने दिया आदेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार फ्रीज कर दिए हैं। पांच महीने से सपा पार्षद ललित किशोर तिवारी को शपथ नहीं दिलाने पर कोर्ट ने सख्त रूख अपनाया है। कोर्ट ने कहा कि जबतक पार्षद को शपथ नहीं दिलाई जाती है तबतक मेयर के अधिकार फ्रीज रहेंगे। इस दौरान डीएम और नगर आयुक्त काम देखेंगे। पूरी खबर पढ़ें

10- रामपुर में एक गोली से पति-पत्नी की मौत; राइफल साफ करते वक्त हादसा

रामपुर में एक गोली से कारोबारी पति-पत्नी की मौत हो गई। गोली पति की गर्दन को चीरते हुए पीछे खड़ी पत्नी की गर्दन के पार हो गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर बेटा-बेटी दौड़कर पहुंचे तो खून से लथपथ दोनों के शव छत पर पड़े थे। सीओ देवकी नंदन ने बताया- राइफल साफ करते समय हादसा हुआ है। असलहा से एक ही राउंड फायर हुआ। पूरी खबर पढ़ें

11- अब्बास अंसारी बोले- मुझे भी कॉकरोच पार्टी ज्वाइन करा दो, सुभासपा से विधायक हैं

मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने कॉकरोच पार्टी ज्वाइन करने की इच्छा जताई है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा- मै सोच रहा हूं, क्यों न इसे ज्वाइन कर लूं और इसी से चुनाव लड़ूं। क्योंकि इससे जुड़े मुद्दे मुझे पंसद आ रहे हैं। मेरे सभी जानने वाले लोग ज्वाइन कर लिए हैं। यहां कोई कार्यालय खुला हो तो मुझे भी ले चलो और ज्वाइन करा दो। अब्बास, मुख्तार के बेटे हैं। पूरी खबर पढ़ें

12- हिंदू-लड़के से प्यार किया तो बेटी के 6 टुकड़े किए, लखनऊ की ट्रेन में रखा शव

हिंदू लड़के से प्यार करने पर पिता ने 15 साल की बेटी के 6 टुकड़े कर दिए। सिर कुशीनगर में तालाब में फेंका, बक्से में रखा धड़ ट्रेन में रखकर लखनऊ पहुंचा दिया। गोमती नगर स्टेशन पर ट्रेन में बक्शा मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, पिता ने बहन-बहनोई के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोपी पिता कुशीनगर के सेवरही क्षेत्र तो बहनोई पडरौना क्षेत्र का रहने वाला हैं। पूरी खबर पढ़ें

13- काशी में महिला ने हेड कॉन्स्टेबल को डंडे से पीटा, पुलिसवाले ने लात-घूसे मारे

काशी विश्वनाथ धाम मार्ग पर हेड कॉन्स्टेबल और महिला में जमकर मारपीट हुई। पूजा की दुकान का सामान हटाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। कॉन्स्टेबल दुकान का सामान फेंकने लगा, तब महिला ने डंडा से उसपर वार किया। पुलिसवाले ने डंडा छीनते हुए बाल पकड़कर महिला को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद जमीन पर गिराकर पीटने लगा। आरोपी सस्पेंड किया गया। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14- डकैत खाने में मुर्गा देख नाराज, महिला को पीटकर बोले- हरी सब्जी खाया करो

बदायूं में कच्छा-बनियान गैंग ने एक किसान के घर में डकैती डाली है। मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे बारी-बारी से 7 डकैत किसान के घर में दाखिल हुए। उन्होंने परिवार की एक महिला से पूछा- खाने में क्या है? महिला ने बताया- मुर्गा बना है। यह सुनते ही डकैत भड़क गए। ‘हरी सब्जी खाया करो’ कहते हुए महिला को जमकर पीटा। फिर बंधक बनाकर गहने-नकदी ले गए। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास…

15- जनगणना में घरों की गिनती शुरू होगी

22 मई से भारत सरकार द्वारा कराई जाने वाली जनगणना के अंतर्गत हाउसिंग सेंसस यानी घरों की गिनती की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत जनगणना कर्मी घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *