मंदसौर में बाइक सवार ट्रक के नीचे आया:बुरी तरह कुचलने से मौके पर मौत; शव निकालने में मशक्कत करनी पड़ी




मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी स्थित महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के टायर के नीचे आने से मृतक का शरीर बुरी तरह कुचल गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, राधेश्याम सैनी पिता सुखलाल सैनी (70) निवासी ग्राम खात्याखेड़ी, तहसील मल्हारगढ़ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलिया मंडी चौपाटी के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि राधेश्याम सीधे ट्रक के नीचे जा गिरे, टायर उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया और मौके पर ही राधेश्याम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और टोल एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस टीम ने ट्रक के नीचे फंसे शव को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पिपलिया मंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधेश्याम सैनी किसी काम से बाहर गए हुए थे और पार्श्वनाथ फंटे की ओर से वापस अपने गांव खात्याखेड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलिया मंडी चौपाटी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *