जौनपुर में युवक ने की आत्महत्या:गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट भी बरामद




जौनपुर में केराकत तहसील क्षेत्र के नरहन गांव में गुरुवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नरहन निवासी अतुल निषाद (19 वर्ष) पुत्र राजेश निषाद के रूप में हुई है। वह अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। अतुल कुछ समय से दिल्ली में अपनी बुआ के यहां काम करता था और हाल ही में घर लौटा था। परिवार में उसके छोटे भाई अमित और बहनें अंशिका व अंजू हैं। उसके पिता राजेश निषाद दुबई में रहते हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह अतुल ने अपनी बहन से खाना न बनाने को कहा था। दोपहर में घर लौटने के बाद उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उसकी छोटी बहन अंशिका को संदेह हुआ। उसने खिड़की से अंदर देखा तो अतुल छत के पंखे से गमछे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। मृतक की बहन के मुताबिक, अतुल ने एक कॉपी पर सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उसने डिप्रेशन का सामना न कर पाने की बात कही थी। उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराने और शंकर वन स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किए जाने की इच्छा भी जताई थी। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि अतुल के पास एक डिजिटल कैमरा और महंगा लैपटॉप था, जिससे वह इंस्टाग्राम पर रील बनाकर साझा करता था। आशंका जताई जा रही है कि अपेक्षित लाइक और फॉलोअर्स न मिलने के कारण वह परेशान था। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *