![]()
गोंडा जिले में भीषण गर्मी के बीच चरमराई विद्युत आपूर्ति से नाराज शहरवासियों ने आज गुरुवार देर रात करीब 9 बजे विरोध प्रदर्शन कर रहे है बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और गोंडा-लखनऊ हाईवे स्थित अंबेडकर चौराहे पर चक्का जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी लगभग एक घंटे से सड़क पर बैठकर विरोध जता रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीचों-बीच बैठकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक लापरवाही पर रोष व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ नगर आनंद राय और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। वे प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्रदर्शनकारी बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे हैं और ‘बिजली विभाग मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से शहर में अघोषित और जबरदस्त बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में 24 घंटे में से 14 घंटे भी बिजली ठीक से नहीं मिल पा रही है। बार-बार हो रही ट्रिपिंग और घंटों की कटौती के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उनका कहना है कि व्यापार पूरी तरह ठप है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और रात में लोग सो नहीं पा रहे हैं। स्थानीय लोगों जेपी श्रीवास्तव, प्रदीप,अजय का यह भी कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी नाराज लोगों को शांत कराने और बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं। हाईवे पर जाम लगने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक विद्युत आपूर्ति को नियमित करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे अपना प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे। एसडीओ संजय कुमार सिंह ने बताया- कई बार तार को जोड़ा गया है, लेकिन बार-बार दिक्कत हो रही है। कुछ देर सप्लाई चलती है फिर इसके बाद में एबीसी टूट जाती है। फोन न उठाने का आरोप गलत है। मैं फोन उठाता हूं।
Source link
बिजली कटौती से नाराज लोगों का हाइवे जामकर प्रदर्शन:बिजली विभाग मुर्दाबाद के लगाए नारे, सीओ और कोतवाल समझाने में जुटे
















Leave a Reply