मऊगंज में ब्लाइंड मोड़ पर पत्थर से टकराया युवक, मौत:सड़क कंपनी की लापरवाही का आरोप; परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक




मऊगंज जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना एक ब्लाइंड मोड़ पर हुई। जहां सुरक्षा इंतजामों की कमी और सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही को मौत का कारण बताया जा रहा है। मृतक युवक परिवार का एकमात्र सहारा था। लौर थाना क्षेत्र के सेमरिया कुंज बिहारी निवासी विकास दुबे (28) गुरुवार देर शाम नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को सुबह लौटने की बात कही थी, लेकिन यह उनकी आखिरी यात्रा साबित हुई। पाइपलाइन कंपनी में काम करता था युवक युवक रकरी पचपहरा स्थित एक पाइपलाइन कंपनी में कार्यरत थे। लगभग छह साल पहले पिता आनंद दुबे के निधन के बाद, उन्होंने कम उम्र में ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली थी। वह अपने छोटे भाई के बेहतर भविष्य के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, विकास बरहटा रोड स्थित पुरानी मऊ के पास हादसे का शिकार हुए। यह सड़क कुछ महीने पहले ही श्रीजी कंपनी द्वारा बनाई गई थी। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वह एक खतरनाक अंधा मोड़ है। आरोप है कि यहां न तो सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या सांकेतिक चिन्ह लगाए गए थे। अंधेरे में नहीं दिखा तीव्र मोड़ अंधेरा होने के कारण विकास को मोड़ स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। उनकी बाइक सड़क किनारे खेत की कंटीली तारबंदी तोड़ते हुए खेत में जा गिरी। इस दौरान सिर पत्थर से टकराने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वही ब्लाइंड मोड़ है जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर ेस कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। सड़क निर्माण के बाद भी लगातार हो रहे हादसों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मऊगंज भेज दिया है। रात अधिक होने के कारण पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *