![]()
रतलाम के आलोट में तीन दिन पूर्व मेला देखने गए एक युवक का शव का मामला हत्या का निकला है। मेले में नाव में झूला झुलने के दौरान थूकने के मामूली विवाद में पांच आरोपियों ने मिलकर युवक को जहरीला पदार्थ पिला दिया। इससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें से दो नाबालिग है। घटनाक्रम 19 मई का था। मेले देखने गए कृष्णपालसिंह (21) निवासी खामरिया (आलोट) मेला देखकर गांव लौटते समय रास्ते में लड़खड़ाते हुए मिला था। इसे संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया था। इस बात की सूचना ग्रामीणों व परिजनों को मिलने पर शव को रात में ही आलोट थाने के बाहर रख चक्काजाम किया था। परिजनों ने चार से पांच लोगों पर कीटनाशक पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। रात में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद परिजन माने थे। अगले दिन 20 मई को पुन: परिजनों ने कारगिल चौराहे पर चक्काजाम कर दिया था। अंकल ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट मृतक के अंकल श्याम सिंह पिता बद्रीसिंह सोंधिया राजपूत निवासी खामरिया ने आलोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि उसके भतीजे कृष्णपाल सिंह के साथ धरोला मेले में नाव (झूला) के अंदर थूकने की बात को लेकर आरोपियों से मामूली विवाद हुआ था। उक्त विवाद की रंजिश रखते हुए आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह एवं उनके दो नाबालिग साथियों द्वारा कृष्णपाल सिंह को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार हेतु उसे संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामला जांच में लिया। 36 घंटे में हत्या का खुलासा घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने तत्काल टीम बनाई। टीम ने हर एक एंगल से जांच करते हुए घटना में शामिल आरोपी कुलदीप सिंह (22) पिता पुरसिंह सौंधिया निवासी मूंज, युवराज सिंह (18) पिता पुरसिंह, गोविंद सिंह (24) पिता अर्जुन सिंह पंवार निवासी मूंज एवं 2 नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता होना स्वीकार किया। आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया आरोपियों से घटना में प्रयुक्त जहरीले पदार्थ एवं अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
Source link
रतलाम में नाव में थूकने के लिए कर दिया मर्डर:पांच लोगों ने युवक को जहरीला पदार्थ पिलाकर की हत्या; 36 घंटे में खुलासा















Leave a Reply