खिलाड़ियों के लिए मसीहा बने मऊ के कोतवाल:राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके अनिल सिंह की पहल पर जरूरतमंद खिलाड़ियों को मिल रही आर्थिक मदद




मऊ जनपद में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को सहारा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है। शहर कोतवाल अनिल सिंह, जो स्वयं राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं, इस मुहिम के प्रेरणास्रोत बने हैं। उनकी पहल पर पुलिस अधिकारी, व्यवसायी और खेल प्रेमी मिलकर आर्थिक अभाव से जूझ रहे खिलाड़ियों की मदद कर रहे हैं। कोतवाल अनिल सिंह प्रतिदिन स्थानीय स्टेडियम में करीब डेढ़ घंटा खिलाड़ियों के बीच बिताते हैं। वह खिलाड़ियों के साथ अभ्यास भी करते हैं और उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को समझने की कोशिश करते हैं। खेल जीवन में खुद आर्थिक संघर्ष झेल चुके अनिल सिंह खिलाड़ियों की परेशानियों से भली-भांति परिचित हैं। यही वजह है कि वे अब जरूरतमंद खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी दौरान उन्हें 16 वर्षीय एथलेटिक्स खिलाड़ी स्नेहा की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिली। स्नेहा लगातार चार बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है, लेकिन संसाधनों की कमी से जूझ रही थी। उसके माता-पिता 21 हजार रुपए कीमत के आधुनिक स्पोर्ट्स शूज़ खरीदने में सक्षम नहीं थे। मजबूरी में स्नेहा सामान्य जूतों में ही अभ्यास कर रही थी। कारोबारी ने उपलब्ध कराए स्पोर्ट्स शूज़ स्नेहा ने अपनी समस्या कोतवाल अनिल सिंह को बताई, जिसके बाद उन्होंने मदद के लिए पहल की। उनकी प्रेरणा से शहर की एक टीवीएस एजेंसी के संचालक शादाब आगे आए और स्नेहा के लिए आधुनिक स्पोर्ट्स शूज़ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। ‘अब देश के लिए पदक जीतने का सपना’ स्नेहा ने बताया कि बेहतर संसाधन मिलने से उसका आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वह देश के लिए पदक जीतने का सपना और मजबूती से देख रही है। वहीं शादाब ने कहा कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति एक खिलाड़ी की जिम्मेदारी उठा ले, तो मऊ खेल के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। जिले में चर्चा का विषय बनी पहल शहर कोतवाल अनिल सिंह अब खिलाड़ियों के बीच सिर्फ पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि प्रेरणा और भरोसे का नाम बन चुके हैं। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की उनकी पहल पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *