मंदसौर में कार-ट्रैक्टर की टक्कर, चार श्रद्धालु घायल:इंदौर से सांवरिया सेठ दर्शन जा रहे थे, गाड़ी के परखच्चे उड़े




मंदसौर जिले के बोतलगंज के पास महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक सड़क हादसा हुआ। इसमें मार्बल से भरे ट्रैक्टर और कार की टक्कर हो गई, जिससे कार में सवार चार श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों की पहचान इंदौर निवासी के रूप में हुई है। वे राजस्थान स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। बोतलगंज के पास उनकी कार ने आगे चल रहे मार्बल से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में इंदौर निवासी अरविंद पाटीदार, वीरेंद्र प्रताप सिंह (42), पीयूष कुमावत पिता शिवेंद्र सिंह कुमावत (39), जुगल पिता बालूजी (42) और सूरज पिता गोपालजी राठौर (40) घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत टोल एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टोल एम्बुलेंस के पैरामेडिकल जुझार सिंह, असिस्टेंट राहुल और पायलट नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के बाद शुक्रवार सुबह सभी घायलों को सामान्य स्थिति में डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को पिपलिया मंडी थाने भिजवाया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *