इंदौर-इच्छापुर हाईवे निरीक्षण में सांसद ने गिनाईं कमियां:50 किमी निर्माणाधीन मार्ग पर सर्विस रोड, पानी निकासी और दुर्घटना रोकने के निर्देश




खंडवा संसदीय सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बुरहानपुर के इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण खातला फाटा से शाहपुर तक निर्माणाधीन लगभग 50 किलोमीटर लंबे मार्ग का था। करीब चार घंटे चले इस निरीक्षण में सड़क निर्माण की गुणवत्ता, पुल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। सांसद ने खातला फाटा, असीरगढ़, झीरी, निम्बोला रेलवे ओवर ब्रिज तथा ताप्ती व मोहना नदी पर बन रहे पुलों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय सीमा में और गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। सांसद ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के साथ-साथ किसानों और ग्रामीणों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। किसानों ने सर्विस रोड बनाने की मांग की
निरीक्षण के दौरान किसानों ने खातला फाटा, निम्बोला रेलवे ओवर ब्रिज के पास, सुखपुरी और उमरदा क्षेत्र में सर्विस रोड बनाने की मांग की। शाहपुर फाटे पर संपर्क मार्ग बनाने की भी बात कही गई। दापोरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने खेतों में पानी निकासी की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त की। सांसद पाटील ने अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। असीरगढ़ क्षेत्र में ‘कटी घाटी’ से बाहर निकले पहाड़ी हिस्से को कम करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका न रहे। साथ ही, असीरगढ़ की ‘बोलती पहाड़ी’ क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के एक हिस्से को यातायात के लिए जल्द खोलने को कहा गया। महाराष्ट्र से आवागमन सुगम हो सकेगा
सांसद ने कहा कि इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पूरा होने से बुरहानपुर जिले को विकास की नई गति मिलेगी। यह मार्ग इंदौर, खंडवा, बुरहानपुर और महाराष्ट्र के बीच आवागमन को अधिक सुगम और तेज बनाएगा। हाईवे बनने से व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी और पर्यटन स्थलों पर आवागमन बढ़ेगा। इससे जिले में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और पेट्रोल व समय की बचत होगी। क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई परियोजना संचालक आशुतोष सोनी और अमित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *