सोनभद्र में 43 डिग्री पार तापमान:गर्मी से जनजीवन प्रभावित, लोग बोले- अघोषित बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी




सोनभद्र जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले दो दिनों से तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान हो गईं। शुक्रवार को दिनभर चली गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग बाहर निकले। दोपहर के समय अधिकांश बाजारों में चहल-पहल कम रही, जबकि शीतल पेय, जूस, बेल का शरबत और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई। लोग जगह-जगह छांव का सहारा लेते दिखे, रॉबर्ट्सगंज नगर में फ्लाईओवर के नीचे भी लोग बैठे नजर आए। मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी काफी कम हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से आम जनता परेशान है। लोगों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय बिजली की कटौती हो रही है। कभी रोस्टिंग तो कभी फाल्ट बताकर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। बिजली आने पर भी लो वोल्टेज के कारण उसका होना न होना बराबर है। सोनभद्र के भीषण गर्मी को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज और छपका स्थित पावर हाउस में लगे हैवी ट्रांसफार्मर तपिश के कारण गर्म हो रहे हैं, जिससे बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है।इस समस्या से निपटने के लिए विभाग ने ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिए हैवी कूलर लगाए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री रहा था।बुधवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं जिला प्रशासन की तरफ से लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *