![]()
बैतूल में भीषण गर्मी के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। शहर के तिलक वार्ड में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पर रखे एसी गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:32 बजे हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सामने आया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि धमाका एक महिला के वहां से गुजरने के ठीक 9 सेकंड बाद हुआ। इस दौरान बाइक को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि बाइक एक एसी रिपेयरिंग मैकेनिक की थी और उस पर एसी में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर एक बैग में रखे थे।
गैस सिलेंडरों के भीतर बढ़ गया था दबाव
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, बाइक में आग नहीं लगी, लेकिन इस घटना ने लोगों को डरा दिया। आशंका जताई जा रही है कि 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और तेज धूप के कारण गैस सिलेंडरों के भीतर दबाव बढ़ गया, जिससे यह ब्लास्ट हुआ। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि यदि उस समय वहां भीड़ होती या सिलेंडरों में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। एसी में आमतौर पर R-32 और R-410A जैसी रेफ्रिजरेंट गैसों का उपयोग होता है, जिनमें से R-32 हल्की ज्वलनशील मानी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक गर्मी और दबाव बढ़ने पर छोटे सिलेंडरों में भी ब्लास्ट हो सकता है। धूप में लंबे समय तक रखे गैस सिलेंडरों के अंदर दबाव तेजी से बढ़ता है, जिससे सिलेंडर कमजोर पड़ सकते हैं। ऐसे सिलेंडरों को हमेशा ठंडी और सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी जाती है। बाइक के पास से गुजरी महिला के नौ सेकंड बाद धमाका हुआ।
Source link
बैतूल में बाइक पर रखे एसी गैस सिलेंडर में धमाका:महिला के गुजरने के नौ सेकंड बाद ब्लास्ट हुआ, तेज धूप से बढ़ा था दबाव














Leave a Reply