![]()
ग्वालियर में हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा घाटीगांव थाना क्षेत्र में सबरी माता मंदिर के पास हुआ, जहां अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। जानकारी के अनुसार, आरोन थाना क्षेत्र के किशनपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय गिर्राज बंजारा पुत्र गंभीरा बंजारा गुरुवार को किसी काम से घाटीगांव आया था। रात करीब 8 बजे वह अपनी बहन अंजली उर्फ सुमन को बाइक पर बैठाकर वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान सबरी माता मंदिर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान सिर में गंभीर चोट होने से गिर्राज ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन अंजली का अस्पताल में उपचार जारी है। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस अब आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही हाईवे के टोल प्लाजा के कैमरे भी जांचे जा रहे हैं, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। इस मामले में घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई हैं।
Source link
तेज रफ्तार वाहन ने भाई-बहन रौंदा, भाई की मौत:बहन को लेकर बाजार से गांव लौट रहा था, अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी टक्कर















Leave a Reply