लेखपाल परीक्षा में ‘मोबाइल कांड’ निकला अफवाह:दूसरी जांच में भी नहीं मिला कोई सबूत, सीसीटीवी और कक्ष निरीक्षकों के बयान में आरोप फेल




मुजफ्फरनगर में लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान मोबाइल से नकल कराने के आरोपों की दूसरी जांच में भी कोई तथ्य सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इन आरोपों को निराधार और अफवाह बताया है। यह मामला नई मंडी क्षेत्र स्थित दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज से जुड़ा है। गुरुवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर-23 में एक पुलिसकर्मी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा दे रहा था और उसे पकड़े जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस आरोप से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो और आरोपों के बाद प्रशासन हरकत में आया था। पहले दिन ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर जांच की थी और सीसीटीवी फुटेज खंगाली थी। हालांकि, उस समय भी कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई थी। सोशल मीडिया और अखबारों में लगातार चर्चा में रहने के कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को एक बार फिर विस्तृत जांच कराई गई। दूसरी जांच में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक शामिल थे। टीम ने दो घंटे की सीसीटीवी फुटेज का दोबारा अवलोकन किया। इसके साथ ही, कक्ष संख्या-23 में ड्यूटी कर रहे दोनों कक्ष निरीक्षकों के बयान भी दर्ज किए गए। एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने बताया कि जांच में कहीं भी मोबाइल से नकल कराने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा परीक्षा समाप्त होने के बाद अफवाह फैलाने की कोशिश की गई थी, जो जांच में पूरी तरह असत्य और निराधार पाई गई है। कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रभान ने नई मंडी पुलिस को एक लिखित शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि कॉलेज की छवि खराब करने के उद्देश्य से झूठी अफवाह फैलाकर वीडियो वायरल किया गया। शिकायत में मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर फ्रिस्किंग से लेकर निगरानी तक सभी व्यवस्थाएं लागू थीं और पूरे परीक्षा केंद्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। अब पुलिस वायरल वीडियो और अफवाह फैलाने वालों की भूमिका की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *