अयोध्या के बाबा बाजार में नई पुलिस चौकी खुली:रेछ चौकी से ग्रामीणों को मिलेगी मदद, लंबे समय से थी मांग




अयोध्या जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिसिंग को आमजन के लिए सुगम बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने थाना बाबा बाजार क्षेत्र के अंतर्गत अस्थाई नवीन पुलिस चौकी “रेछ” स्थापित करने का आदेश जारी किया है। इस नई चौकी के गठन से क्षेत्रीय ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी मामलों में त्वरित सहायता मिलने की उम्मीद है। पुलिस विभाग के अनुसार, इस नई चौकी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आमजन को शीघ्र पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से स्थानीय स्तर पर पुलिस चौकी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस क्षेत्र अधिकारी आशीष निगम ने बताया कि नवीन चौकी रेछ के अंतर्गत कई गांवों को शामिल किया गया है। इनमें उमापुर, मीरमऊ घाट, कन्धई, शिवा का पुरवा, देवता का पुरवा, रेछ, बढ़ई का पुरवा, इमिलडिहा, बाबू का पुरवा, भुलामऊ, कलापुर, सरोतरमऊ, नया पुरवा, हरचन्दपुर, सीताशुक्ल पुरवा, नरायनपुर, मिश्री तिवारी का पुरवा तथा तकिया गांव शामिल हैं। इन गांवों के लोगों को अब छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए दूर स्थित थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने एसएसपी के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ेगी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चौकी के संचालन के बाद क्षेत्र में गश्त व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *