![]()
उज्जैन पुलिस ने फर्जी फायरिंग के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे बदमाश रौनक गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को एमआर-5 रोड से पकड़ा गया। उस पर 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि फायरिंग की यह पूरी कहानी एक साजिश के तहत रची गई थी। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम रौनक गुर्जर को एमआर-5 रोड क्षेत्र से दबोचा। पुलिस के अनुसार, रौनक गुर्जर पर विभिन्न जिलों में हथियार रखने, रंगदारी मांगने और मारपीट सहित 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसे घटनास्थल का निरीक्षण भी कराया और जुलूस निकाला गया। इस मामले की शुरुआत 12 अप्रैल को हुई थी। तब एक नाबालिग लड़के ने ढांचा बलभवन क्षेत्र में खुद पर फायरिंग होने का दावा करते हुए अस्पताल में भर्ती हो गया था। उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शुरुआत में यह मामला गंभीर माना गया था। घटनास्थल से न खोखे मिले न कोई निशान हालांकि, स्टेट क्राइम ब्रांच की फॉरेंसिक जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। घटनास्थल से न तो गोली के खोखे मिले और न ही गोली लगने के कोई निशान पाए गए। मेडिकल रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट हुआ कि नाबालिग को लगी चोटें गोली की नहीं थीं, बल्कि उसे खुद पहुंचाई गई थीं। इसके बाद पुलिस को पूरी कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस जांच में पता चला कि रौनक गुर्जर ने ही नाबालिग पर दबाव डालकर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई थी। आरोपी ने गवाहों के बयान को गुमराह करने और मोबाइल से डिजिटल सबूत मिटाने का भी प्रयास किया था। चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया- फॉरेंसिक जांच के बाद पूरा मामला फर्जी साबित हुआ। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रौनक गुर्जर एमआर-5 रोड पर आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
Source link
उज्जैन में फर्जी फायरिंग केस कराने वाला रौनक गिरफ्तार:पुलिस ने 50 से ज्यादा मामलों वाले एवं 10 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा














Leave a Reply