प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में DM ने किया निरीक्षण:बाहर की दवा लिखने पर डॉक्टरों को फटकार, हीटवेव को लेकर सख्त निर्देश




प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने देर शाम करीब 8 बजे मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाहर की दवा लिखने वाले डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई और हीटवेव से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए। डीएम ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, डॉक्टरों की उपलब्धता, भोजन और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि डॉक्टर नियमित रूप से जांच कर रहे हैं और समय पर भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्पताल के रसोईघर पहुंचे, जहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की उपलब्धता की जांच की। इसके बाद उन्होंने स्टोर रूम का निरीक्षण कर सामग्री को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने हीटवेव कोल्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हीटवेव से प्रभावित मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर तत्काल विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। पर्चा काउंटर, औषधि केंद्र और इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान एक बच्ची हीटवेव से प्रभावित मिली। इस पर डीएम ने उसे तुरंत कोल्ड रूम में भर्ती कराने के निर्देश दिए। इसी दौरान एक मरीज को बाहर की दवा लिखे जाने का मामला सामने आया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित डॉक्टरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों को केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखी जाएं। यदि बाहर की दवा लिखने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश भी दिए। उनके औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस दौरान डॉ. एएन प्रसाद भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *