युवक के हाथ-पैर बांधे, गला दबाकर मार डाला:शराब की लत से तंग आकर पिता-भाइयों ने की हत्या;सुसाइड बताने मुंह में ठूंस दिया जहर




छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शराब की लत से परेशान युवक की उसके पिता और भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी। पहले उन्होंने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, फिर गला और मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। हत्या को आत्महत्या का रूप देने और सबूत छिपाने के लिए उन्होंने शव में जहर की शीशी भी रख दी। हालांकि पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मामला हत्या का निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बड़े भाई और नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी इलाके की है। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि 20 मई को ग्राम रतखंडी निवासी उमेंद सिंह पटेल (52) बेलगहना चौकी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके बेटे गौरीशंकर पटेल (23) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। शव के पास जहर की शीशी भी पड़ी हुई थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शरीर पर चोट के निशान देखकर हुआ शक घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम की मदद से विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान उमेंद के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला और मुंह दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर परिजनों से पूछताछ शुरू की। हाथ-पैर बांधे, फिर मुंह और गला दबाकर की हत्या पूछताछ में सामने आया कि गौरीशंकर शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। घटना की रात भी वह नशे में था और परिवार वालों से मारपीट कर रहा था। इससे परेशान होकर पिता उमेंद सिंह, भाई शिवशंकर पटेल (18) और एक नाबालिग भाई ने उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उन्होंने पहले रस्सी से उसके हाथ-पैर बांधे, फिर मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मौत के बाद शव के पास जहर की शीशी को मुंह में ठूंस दिया गया। बाद में शीशी निकालकर शव के पास रख दी गई, ताकि मामला आत्महत्या लगे। फॉरेंसिक और पीएम रिपोर्ट से खुला राज एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध लग रहा था। फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जब परिवार से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *