![]()
भोपाल में मौत से पहले ट्विशा शर्मा के आखिरी मेकअप का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही हैं। वीडियो में ट्विशा बेहद रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने इस फुटेज को भी जब्त कर लिया है। संबंधित ब्यूटी पार्लर ट्विशा के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस मामले में जानकारी सामने आई है कि मौत से करीब 12 घंटे पहले ट्विशा ने अजमेर जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराया था। 12 मई को सुबह 9.52 बजे भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। ट्विशा 15 मई को अजमेर जाने वाली थी, जहां उसके भाई की पोस्टिंग है। दो तस्वीरें देखिए जबलपुर कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद पति अरेस्ट उधर, ट्विशा डेथ केस में आरोपी पति एडवोकेट समर्थ सिंह को नाटकीय घटनाक्रम के बीच शुक्रवार शाम जबलपुर कोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। भोपाल पुलिस की टीम पहले से ही जबलपुर कोर्ट में मौजूद थी। समर्थ को हिरासत में लिए जाने के बाद कोर्ट परिसर में वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए। एक गुट समर्थ को संरक्षण देने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा इसका विरोध कर रहा था। हंगामा बढ़ने पर जबलपुर पुलिस ने तत्काल समर्थ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में उसे भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस टीम आरोपी समर्थ सिंह को भोपाल ले आई है, जहां उससे पूछताछ कर बयान दर्ज किए जाएंगे। ट्विशा के परिजन शुरुआत से ही आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस समर्थ सिंह को संरक्षण दे रही है। उनका कहना है कि समर्थ की मां, पूर्व जज गिरी बाला सिंह के प्रभाव में पुलिस काम कर रही है। वहीं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा है, इसलिए साक्ष्य जुटाने और हर पहलू की बारीकी से जांच करने में समय लग जाता है। पुलिस की टीम जबलपुर कोर्ट में समर्थ की जमानत का विरोध करने के लिए पहुंची थी। भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (31) की संदिग्ध परिस्थितियों में 12 मई को मौत हुई थी। वह भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन में रहने वालीं रिटायर्ड महिला जज गिरीबाला की बहू थीं। ट्विशा के जीजा ने पुलिस पर संरक्षण देने के लगाए आरोप ट्विशा के जीजा सौरभ ने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही हमलोग कहते आ रहे हैं कि आरोपी समर्थ और उसकी मां गिरीबाला रसूखदार हैं। उन्हें भोपाल पुलिस का संरक्षण मिल रहा है। उनका कहना है कि परिवार को लगातार गुमराह किया गया। सौरभ के मुताबिक, ट्विशा की मौत के बाद परिवार के बयान दर्ज किए गए, लेकिन बाद में कहा गया कि बयान सही तरीके से दर्ज नहीं हुए हैं। इसके बाद दोबारा बयान लिए गए और परिवार को घंटों थाने में बैठाकर रखा गया। उनका आरोप है कि यह सब मानसिक दबाव बनाने के लिए किया गया। सौरभ ने कहा- कोर्ट रूम में मास्क लगाकर बैठा रहा समर्थ सौरभ ने कहा कि समर्थ की गिरफ्तारी को लेकर केवल कागजी औपचारिकताएं निभाई गईं। पुलिस ने इनाम घोषित किया और लुकआउट नोटिस भी जारी किया, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। इसके बावजूद समर्थ भोपाल से जबलपुर तक सड़क मार्ग से पहुंच गया और कोर्ट रूम में मास्क लगाकर बैठा रहा। सौरभ ने दावा किया कि उनके वकील ने समर्थ को पहचान लिया, जिसके बाद वहां मौजूद कुछ वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भोपाल पुलिस पहले से कोर्ट में मौजूद थी, तब उन्हें आरोपी क्यों दिखाई नहीं दिया। इससे साफ है कि समर्थ का सरेंडर पूरी तरह स्क्रिप्टेड था। सौरभ ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी और स्टाफ पर भी बदसलूकी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि भोपाल पुलिस की मंशा साफ थी, तो पुलिस की छवि खराब करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। मैट्रिमोनियल साइट से हुई थी ट्विशा और समर्थ की मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ट्विशा और समर्थ की मुलाकात जनवरी 2025 में हुई थी। वहीं दोनों ने एक-दूसरे के नंबर एक्सचेंज किए। इसके बाद फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। अक्टूबर 2025 में समर्थ की मां गिरिबाला सिंह की भोपाल में पहली बार ट्विशा से मुलाकात हुई। इसके बाद गिरिबाला सिंह, ट्विशा के दिल्ली स्थित घर पहुंचीं और दोनों का रिश्ता तय किया गया। 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में दोनों का विवाह हुआ। शादी के महज पांच महीने बाद, 12 मई 2026 को ससुराल में ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सास और पति ने पुलिस को बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। विवाह के महीने भर बाद ही होने लगे थे विवाद शादी के महज एक महीने बाद ही ट्विशा और समर्थ के बीच विवाद शुरू हो गए थे। ट्विशा की भाभी का आरोप है कि इंटरकास्ट मैरिज होने के कारण उसे लगातार नीचा दिखाने की कोशिश की जाती थी। इसी वजह से ट्विशा कई बार अपना पक्ष मजबूती से रखती थी। परिजन के मुताबिक, ट्विशा ससुराल में होने वाली प्रताड़ना की जानकारी कॉल और चैट के जरिए परिवार को देती रहती थी। हालांकि, परिवार उसका घर बचाना चाहता था, इसलिए हर बार उसे समझाइश देकर धैर्य रखने की सलाह दी जाती थी। डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर के नेतृत्व में टीम भोपाल AIIMS में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। तब तक पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। समर्थ से घटना वाले दिन की डिटेल पूछेगी पुलिस एसीपी रजनीश कश्यप कौल के नेतृत्व में एसआईटी मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि समर्थ को भोपाल लाने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि फरारी के दौरान वह कहां-कहां रहा और किन लोगों ने उसकी मदद की। जांच में सहयोग करने वालों की भूमिका भी खंगाली जाएगी और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, समर्थ से घटना वाले दिन की पूरी जानकारी भी ली जाएगी, ताकि मामले की सभी कड़ियां स्पष्ट हो सकें। फरारी के दौरान समर्थ ने बदला अपना हुलिया पहचान छिपाने के लिए समर्थ ने फरारी के दौरान अपना हुलिया भी बदल लिया था। हमेशा क्लीन शेव रहने वाला समर्थ अब हल्की दाढ़ी में नजर आया। आमतौर पर फॉर्मल लुक में रहने वाला समर्थ इस बार कैजुअल जींस-शर्ट और कैप में दिखाई दिया। उसने चेहरे पर मास्क भी लगा रखा था। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि जब तक मामला किसी दूसरी जांच एजेंसी को ट्रांसफर नहीं किया जाता, तब तक पुलिस हर एंगल से जांच जारी रखेगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
एक्ट्रेस ट्विशा का मेकअप कराते आखिरी VIDEO:ब्यूटी पार्लर में बेहद रिलैक्स नजर आईं; मौत से 12 घंटे पहले अजमेर जाने का टिकट कराया था बुक















Leave a Reply