कैटरिंग व्यवसाय स्थल पर प्रशासन की छापेमारी, 19 गैस सिलेंडर बरामद




पूर्व सूचना एवं शिकायत के आधार पर गुरुवार रात टिटिलागढ़ रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक कैटरिंग व्यवसाय स्थल पर प्रशासन द्वारा छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान कुल 19 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 10 व्यावसायिक गैस सिलेंडर व 9 घरेलू उपयोग वाले गैस सिलेंडर शामिल थे। जांच के दौरान जब कैटरिंग व्यवसाय संचालक से इन सिलेंडरों के संबंध में पूछताछ की गई, तब उन्होंने बताया कि 10 गैस सिलेंडर व्यावसायिक हैं, जिन्हें वैध कार्ड के माध्यम से प्राप्त किया गया है। वहीं शेष घरेलू गैस सिलेंडरों के संबंध में उन्होंने कहा कि वे उनके रिश्तेदारों, पड़ोसियों एवं परिचितों के नाम पर लिए गए हैं। संचालक ने स्वीकार किया कि संबंधित लोगों को दो माह में एक बार गैस सिलेंडर की आवश्यकता पड़ती है, इसलिए वे कार्ड लेकर स्वयं गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर लेते थे। जब प्रशासन द्वारा उनसे यह पूछा गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना गैर कानूनी है, तब उन्होंने इसे अपनी भूल बताते हुए स्वीकार किया। उपजिलापाल पद्मनाभ सामंत राय ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह भी जांच का विषय होगा कि संबंधित कैटरिंग व्यवसाय के पास फूड लाइसेंस है अथवा नहीं तथा गैस सिलेंडर किस माध्यम से एवं किन परिस्थितियों में प्राप्त किए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह कानून के अंतर्गत सख्ती से लागू की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त न हो। प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान समय में देश में गैस एवं पेट्रोल संकट की स्थिति को देखते हुए पेट्रोल पंपों एवं गैस वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधि पाए जाने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *