जबलपुर में जिलाबदर बदमाश की हत्या:गले में लिपटा मिला गमछा, शरीर पर चाकू के निशान, भाई के साथ रहता था किराए से




जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक निगरानीशुदा बदमाश की हत्या का मामला सामने आया है। बदमाश का शव परसवाड़ा क्षेत्र में पूर्व सरपंच के घर के पास किराए के कमरे में मिला। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह (28) निवासी शास्त्री नगर गढ़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले गला घोंटकर उसकी हत्या की और बाद में चाकू से हमला किया। जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र सिंह पर शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई भी हो चुकी थी। कुछ दिनों पहले ही वह परसवाड़ा में पूर्व सरपंच राजू पटेल के मकान में किराए से रहने आया था। एक हाथ की नस भी काटी गई शुक्रवार शाम सुरेंद्र का भाई उसे खाना देने कमरे में पहुंचा, जहां वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके गले में गमछा कसकर बंधा हुआ था। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के एक हाथ की नस भी कटी हुई थी और शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था तथा संघर्ष के संकेत भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस मान रही है कि हत्या से पहले सुरेंद्र का किसी से विवाद हुआ था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। पुलिस पुरानी रंजिश को भी हत्या की एक बड़ी वजह मानकर जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *