![]()
भिंड के पीएम एक्सीलेंस एमजेएस कॉलेज में जीवाजी विश्वविद्यालय की एमए परीक्षा के पहले ही दिन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। एडमिट कार्ड और परीक्षार्थी के फोटो में अंतर दिखाई देने पर केंद्राध्यक्ष को संदेह हुआ। जांच में मामला संदिग्ध मिलने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार जिलेभर में सोमवार से एमए की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। एमजेएस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शिवम समाधिया नामक छात्र की जगह एक अन्य युवक परीक्षा दे रहा था। परीक्षा कक्ष में दस्तावेजों का मिलान करते समय फोटो मैच नहीं होने पर कॉलेज प्रबंधन सतर्क हो गया और युवक को पकड़ लिया। मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मोहनलाल शर्मा भी कॉलेज पहुंचे। इसके बाद पुलिस को बुलाकर आरोपी युवक को कोतवाली भेजा गया। ABVP ने किया हंगामा फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने की खबर फैलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पदाधिकारी कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक सूर्या भदौरिया ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिषद के दबाव के बाद पुलिस को बुलाया गया। छात्र नेता रिशेंद्र राजावत ने आरोप लगाया कि कॉलेज में दलाल सक्रिय हैं, जो पैसों के लेनदेन के जरिए फर्जी परीक्षार्थियों को बैठा रहे हैं। प्राचार्य बोले- आरोप निराधार कॉलेज के प्राचार्य आर.ए. शर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में कुछ असामाजिक तत्व लगातार व्यवस्थाएं बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी शिकायत पहले भी कलेक्टर और एसपी को लिखित रूप से की जा चुकी है। प्राचार्य ने दावा किया कि पूर्व में उनके ऊपर जानलेवा हमला भी कराया गया था। फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक आरोपी युवक से पूछताछ जारी थी और आगे की कार्रवाई की जा रही थी।
Source link
MA में दूसरे की जगह दे रहा था एग्जाम, पकड़ाया:भिंड में फोटो मैच नहीं होने पर खुला फर्जीवाड़ा; ABVP बोली- दलाल बैठा रहे डमी छात्र















Leave a Reply