रीवा में भीषण गर्मी, पारा 44 डिग्री पर पहुंचा:हीट वेव का अलर्ट, अगले तीन दिन और बढ़ेगी तपिश; डॉक्टर ने दी चेतावनी




रीवा में गर्मी अब विकराल रूप लेने लगी है। मई के आखिरी सप्ताह में जिले का तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय लू जैसे हालात बन रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रीवा का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले तीन दिनों तक जिले में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है। पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 21 मई को अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहा। 22 मई को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज हुआ। 23 मई को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार लगातार गर्म हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले तीन दिनों के पूर्वानुमान में भी लोगों को राहत मिलने के आसार कम हैं। 24 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है। 25 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 26 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने 24 और 25 मई के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की है। डॉ. अपराजिता पांडेय ने कहा कि इस समय की भीषण गर्मी में दोपहर की तेज धूप सीधे शरीर पर असर डाल रही है, थोड़ी सी लापरवाही भी हीट स्ट्रोक का कारण बन सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें, क्योंकि लगातार बढ़ता तापमान स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उनके मुताबिक गर्म हवाएं और तेज धूप बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी और तेज धूप मिलकर लोगों को तेजी से बीमार कर रही है, इसलिए बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है। शहर के सिरमौर चौराहा निवासी राज तिवारी ने बताया कि सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कें तपने लगती हैं। दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और गर्म हवा सीधे शरीर को झुलसा रही है। वहीं अमहिया निवासी श्रुति मिश्रा ने कहा कि रात में भी गर्मी कम नहीं हो रही है। कूलर और पंखे भी राहत नहीं दे पा रहे हैं, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वी मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गर्म और शुष्क हवाएं चलती रहेंगी। इसी कारण रीवा सहित विंध्य क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *