बसों की चेकिंग में इमरजेंसी गेट के सामने मिली सीटें:खंडवा में 30 बसों पर 40 हजार जुर्माना, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू




खंडवा में लगातार सामने आ रहे बस एक्सीडेंट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामलों के बाद शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने यात्री बसों की चेकिंग की। इस दौरान कई बसों में गंभीर लापरवाही सामने आई। कुछ बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने अतिरिक्त सीटें लगी मिलीं, जबकि कई बसों के इमरजेंसी गेट खराब हालत में पाए गए। कार्रवाई के दौरान 30 बसों के चालान बनाकर करीब 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई इंदौर रोड स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने की गई, जहां आने-जाने वाली यात्री बसों को रोककर उनकी गहन जांच की गई। 21 से 27 मई तक चलेगा विशेष अभियान
यह अभियान मध्यप्रदेश पुलिस और पुलिस परिवहन शोध संस्थान के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाया जा रहा है। खंडवा में यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय, एआरटीओ दीपक मांझी, टीआई देवेंद्रसिंह परिहार के द्वारा की जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 21 मई से 27 मई 2026 तक यात्री बसों की विशेष चेकिंग की जा रही हैं। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है। इमरजेंसी गेट के सामने लगाई गई थीं सीटें
चेकिंग के दौरान कई बसों में इमरजेंसी निकास द्वार के सामने अतिरिक्त सीटें लगी हुई मिलीं। अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक माना। टीम ने बस संचालकों को तत्काल सीटें हटाने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कई बसों में इमरजेंसी गेट खराब हालत में मिला। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दुर्घटना की स्थिति में ऐसे गेट यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिटनेस, परमिट और ड्राइवर लाइसेंस की भी जांच
अभियान के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा दस्तावेज, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, ड्राइवर के वैध लाइसेंस और बैज की भी जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं बसों में क्षमता से अधिक सवारी तो नहीं बैठाई जा रही। ट्रैफिक पुलिस ने बसों की हेडलाइट, इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की। अधिकारियों ने ड्राइवरों को ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय ने बताया कि पिछले महीनों में प्रदेश में हुई यात्री बस दुर्घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। इसी के मद्देनजर अब सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *