![]()
भोपाल (देहात) रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने शनिवार को सीहोर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली, शासकीय वाहनों और विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। साथ ही पुलिस सम्मेलन और समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। पुलिस लाइन ग्राउंड में डीआईजी ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस परेड में अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, परेड ड्रिल और मार्चिंग का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को डीआईजी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। वाहनों का बारीकी से निरीक्षण किया
परेड के बाद डीआईजी ने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें इंटरसेप्टर व्हीकल, लाइट व भारी मोटरयान, वज्र वाहन, जेल वाहन और एफएसएल वाहनों की कार्यशीलता, रख-रखाव तथा उनमें उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं जैसे शस्त्रागार, स्टोर, कैश शाखा और नव आरक्षक बैरक का भी अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त, कल्याणकारी गतिविधियों के तहत संचालित दिशा लर्निंग सेंटर, जिम और एनजीओ मेस का भी जायजा लिया गया। अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं
पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस सम्मेलन के दौरान डीआईजी ने अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने आवास और कुछ नीतिगत विषयों को उनके सामने रखा, जिन पर डीआईजी ने उचित निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीआईजी चंदेल ने कहा कि सभी कर्मचारी टीम भावना के साथ काम करें। कार्य में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और आज के दौर में टेक्नोलॉजी के साथ चलना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने और अपने व अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की समझाईश दी। धार्मिक स्थलों को लेकर चर्चा की गई
वार्षिक निरीक्षण के अगले चरण में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे कुबरेश्वरधाम, आंवलीघाट, देवीधाम सलकनपुर, और चिंतामन गणेश मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा VIP भ्रमणों को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही डीआईजी ने गंभीर अपराध, माइनर एक्ट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, मुस्कान अभियान, मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई, संपत्ति संबंधी अपराधों की बरामदगी और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों की कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कानून-व्यवस्था और गंभीर मामलों के खुलासे में सीहोर पुलिस के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय की सभी शाखाओं का भ्रमण कर उनके कार्यों को देखा। इस पूरे निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सीहोर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत उपस्थित रहीं।
Source link
DIG ने परेड और कानून व्यवस्था का वार्षिक निरीक्षण किया:सीहोर में गंभीर अपराध और पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर समीक्षा बैठक हुई















Leave a Reply