रोजगार मेले में 257 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी:पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित, रेलवे, पोस्टल और बैंकिंग समेत कई विभागों में नियुक्ति




रायपुर में शुक्रवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तहत रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज मैदान के पास आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 257 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम रोजगार मेला के 19वें चरण के तहत आयोजित हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के करीब 51 हजार नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे विभाग के 200, पोस्टल विभाग के 34, स्वास्थ्य मंत्रालय के 7, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के 5 और बैंक ऑफ बड़ौदा के 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। कुल 803 चयनित अभ्यर्थियों में से 257 अभ्यर्थी कार्यक्रम में फिजिकली मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। आयोजन को आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *