![]()
उमरिया जिले में ‘डिग्गी तोड़’ गिरोह सक्रिय हो गया है। बीते कुछ समय में हुई ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, जहां दिनदहाड़े बाइक की डिग्गी तोड़कर रुपए चोरी किए गए हैं। खास बात यह है कि इन मामलों में बदमाशों ने बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे लोगों को निशाना बनाया और पलक झपकते ही नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पहली घटना 21 मई को उमरिया कोतवाली क्षेत्र के विकटगंज में हुई। कारीमाटी निवासी शिक्षक मनोज सिंह क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से गेहूं उपार्जन की राशि के रूप में 1 लाख 5 हजार रुपए निकालकर लौट रहे थे। इस दौरान वह विकटगंज स्थित एक किराना दुकान पर रुके। तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पार कर दी। जब तक उन्हें घटना की जानकारी लगी, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। वहीं, दूसरी घटना लगभग 1 महीने पूर्व चंदिया थाना क्षेत्र के पुरानी हॉस्पिटल से गढ़ी चौक मार्ग की बताई जा रही है। मड़वा निवासी मिहीलाल बर्मन भारतीय स्टेट बैंक से 55 हजार रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रख घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक खराब होने पर वह एक रिपेयरिंग दुकान पर पहुंचे और कुछ देर के लिए एटीएम चले गए। वापस लौटने के बाद जब वह घर पहुंचे तो डिग्गी में रखी नकदी गायब थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में डर और आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक के आसपास सक्रिय गिरोह ग्राहकों की रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहा है। लोगों ने पुलिस से बैंक और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। एसडीओपी एल. परस्ते ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस लगातार आरोपियों को ट्रेस करने में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Source link
उमरिया में डिग्गी तोड़ गैंग सक्रिय:बैंक से लौटे लोगों को बना रहे निशाना, रुपए हो रहे चोरी















Leave a Reply