![]()
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शनिवार को झूंसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने लगभग 27 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पीडीए के उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर जोन-05 के अंतर्गत की गई। जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने झूंसी के सोनौती क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कई प्लाटिंग परियोजनाओं पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान संजय यादव और अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त, सुभाष प्रजापति द्वारा लगभग 12 बीघा भूमि में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी हटाया गया। डॉ. राजेश यादव और अन्य के द्वारा लगभग 5 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर, पीडीए टीम ने लगभग 27 बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पीडीए ने निर्माणकर्ताओं और विकासकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे विकास कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं। साथ ही, आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी या बिना स्वीकृति विकसित किए जा रहे क्षेत्रों में भूखंड खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर लें। इससे भविष्य में कानूनी या आर्थिक समस्याओं से बचा जा सकेगा। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के अलावा अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीए की प्रवर्तन टीम और थाना झूंसी की पुलिस मौजूद रही। पीडीए अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link
PDA ने 27 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर:झूंसी के सोनौती क्षेत्र में करोड़ों की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त














Leave a Reply