![]()
कोरबा जिले में भीषण गर्मी के बीच पानी और बिजली का संकट गहराता जा रहा है। कटघोरा के रहमानिया नगर वार्ड में पिछले सात दिनों से पानी सप्लाई बंद है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लगातार बिजली कटौती ने हालात और खराब कर दिए हैं। परेशान रहमानिया नगर के लोगों ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और पानी-बिजली की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। वार्डवासियों ने कहा कि भीषण गर्मी में बिना पानी और बिजली के रहना मुश्किल हो गया है। पानी सप्लाई बहाल करने का आश्वासन शिकायत मिलने के बाद कटघोरा नगर पंचायत अध्यक्ष राज जायसवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए शाम से पानी सप्लाई बहाल करने का आश्वासन दिया। कई इलाकों में संकट कटघोरा के अलावा शहर के मुड़ापार, अमरिया पारा, एसईसीएल रामनगर और बुधवारी समेत कई बस्तियों में भी लोग बिजली और पानी की समस्या से परेशान हैं। शहरी क्षेत्रों में बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर पूर्व एमआईसी सदस्यदिनेश सोनी और पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। पढ़ाई और कारोबार पर असर लगातार बिजली गुल होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं छोटे और बड़े व्यापारी भी परेशान हैं, क्योंकि लंबे कटौती के कारण इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से बुजुर्ग और बीमार लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रातभर मच्छरों के कारण लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही। कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काटी जा रही है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा। उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों से ज्यादा बिल वसूले जा रहे हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती लगातार जारी है।
Source link
कटघोरा में 7 दिन से पानी-बिजली सप्लाई ठप:लोग आक्रोशित, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी













Leave a Reply