![]()
भिंड शहर में सोमवार शाम भगवान परशुराम जयंती का ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। करीब एक किलोमीटर लंबे इस काफिले में 200 से अधिक बाइक और 100 से ज्यादा फोर व्हीलर शामिल हुए। पूरे शहर में भगवान परशुराम और भगवान श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
चल समारोह की शुरुआत अटेर रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर से हुई, जहां भगवान परशुराम का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद संत आनंदेश्वर स्वरूपानंद महाराज के सान्निध्य में रैली प्रारंभ हुई। करीब 2000 लोग इस आयोजन में शामिल हुए।
चल समारोह बेटी बचाओ चौराहा, अग्रसेन चौराहा, परेड चौराहा, सदर बाजार, गोल मार्केट, बजरिया, किला गेट और जेल रोड से होते हुए लहार चुंगी पहुंचा। इसके बाद बायपास मार्ग से होते हुए भगवान परशुराम मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम का समापन हुआ। करीब 4 किलोमीटर लंबा यह सफर लगभग तीन घंटे में पूरा किया गया।
मंदिर पहुंचने पर भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान संत आनंदेश्वर स्वरूपानंद महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने अत्याचारियों का अंत कर पृथ्वी को पापमुक्त किया था। वर्तमान समय में समाज को धर्म और नीति के मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कलयुग में लगातार पाप बढ़ रहे हैं और समाज में वैचारिक गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे समय में ब्राह्मण समाज को अपने धर्म, संस्कार और मर्यादा के साथ संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा और बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
Source link
भिंड में भगवान परशुराम का चल समारोह निकला:200 से अधिक बाइक और 100 से ज्यादा फोर व्हीलर रैली में शामिल, युवाओं ने लगाए जयकारे















Leave a Reply