बारात में मारपीट के 5 फरार आरोपी गिरफ्तार:मुलमुला पुलिस की कार्रवाई, बाजा बजाने पर हुआ था विवाद, कुल 9 आरोपी गिरफ्तार




जांजगीर-चांपा। मुलमुला पुलिस ने बारात में हुई मारपीट और प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 अप्रैल को हुई थी। पीड़ित देवराज बरेठ अपने साथियों के साथ ग्राम खोखरा से ग्राम पौना में एक बारात में शामिल होने गए थे। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने बाजा बंद करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी पीटा गया। इस हमले में देवराज के सिर पर चोट लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गए। मारपीट में धनंजय यादव की आंख में भी गंभीर चोट आई। उन्हें पहले जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया और बाद में गंभीर हालत में सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में कृष्ण कुमार यादव उर्फ टिंगालू, लक्ष्मी प्रसाद यादव, बॉबी यादव उर्फ लाला, बबलू यादव उर्फ छोटे लाला और गंगा सागर उर्फ सोनू शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *