स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में पानी की बर्बादी:अरपा किनारे न्यू रिवर व्यू साइट पर जीएम ने तत्काल रोक के निर्देश दिए




बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के न्यू रिवर व्यू साइट पर चल रहे पीपीपी मॉडल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान पानी की लगातार बर्बादी हो रही है। अटल परिसर के पास बोरिंग के पाइप से पानी की तेज धार बहती देखी जा सकती है। यह बर्बादी ऐसे समय में हो रही है जब भीषण गर्मी के कारण शहर के कई इलाकों में पेयजल का संकट गहराया हुआ है। हाल ही में कपिल नगर और शास्त्रीनगर के लगभग 200 परिवारों को गंदे पानी की आपूर्ति के कारण दूर से पानी लाना पड़ा था। शहर में कई सार्वजनिक नलों की टोंटियां गायब होने से भी पानी बर्बाद हो रहा है। इस मामले पर स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक (तकनीकी) एसपी साहू ने कहा कि पानी की बर्बादी को तुरंत रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को इस संबंध में तत्काल निर्देश दिए जा रहे हैं। यह प्रोजेक्ट पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित है। स्मार्ट सिटी ने अहमदाबाद की ईसीएचपी कांग्लोमेराट कंपनी को न्यू रिवर व्यू साइट पर एक्वा स्पोर्ट्स, थिएटर, उद्यान और रेस्टोरेंट जैसी मनोरंजन सुविधाएं विकसित करने का ठेका दिया है। इसका उद्देश्य लोगों को शाम को समय बिताने के लिए एक आकर्षक स्थान प्रदान करना है। स्मार्ट सिटी के जीएम के अनुसार, ठेकेदार नगर निगम को सालाना 11 लाख रुपए का भुगतान करेगा। इसके बदले में कंपनी 45 करोड़ रुपये की लागत से मनोरंजन के लिए स्टॉल, दुकानें और अन्य सुविधाएं बनाएगी और उनका संचालन करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में अटल परिसर के साथ इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *