अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष से अभद्रता:बुकिंग एजेंट पर आरोप, वकीलों का बस स्टैंड पर किया प्रदर्शन




मंडला जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट मनोज गुप्ता के साथ बस स्टैंड पर हुए विवाद और अभद्रता के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। इस घटना के विरोध में वकीलों ने बस स्टैंड परिसर में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी बुकिंग एजेंट मुन्ना पटेल और आशीष पटेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने वकीलों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। एडवोकेट मनोज गुप्ता ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई थी। वे अपनी पत्नी और बच्चों को जबलपुर जाने वाली बस में बैठाने बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान बुकिंग एजेंट मुन्ना पटेल और आशीष पटेल ने उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। गुप्ता ने आरोप लगाया कि मुन्ना पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने आरोपी पर कठोर कार्रवाई और जिलाबदर की मांग की है। एसडीओपी पीयूष मिश्रा और थाना प्रभारी शफीक खान ने जानकारी दी कि मनोज गुप्ता की शिकायत पर मुन्ना पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में वकीलों और बस स्टैंड एसोसिएशन से भी चर्चा की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति फिलहाल शांत हो गई है। हालांकि, बस स्टैंड क्षेत्र में जाम, बस संचालकों और बुकिंग एजेंटों की मनमानी जैसी समस्याएं लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के बिना ऐसे विवाद आगे भी होते रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने इन समस्याओं के समाधान के लिए चौकी व्यवस्था, नियमित पेट्रोलिंग और यातायात अमले के जरिए सुधार के प्रयासों की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *