![]()
शिवपुरी में सोमवार को चार वर्षीय अनय जैन की बस में जलकर मौत के मामले में व्यापक जन आक्रोश देखा गया। मक्सी स्थित जैन पथ होटल पर खड़ी इंटरसिटी बस में जिंदा जलकर हुई अनय की मौत के विरोध में सैकड़ों लोग ‘जस्टिस फॉर अनय’ की तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर आए और सीबीआई जांच की मांग की। यह विरोध प्रदर्शन अग्रवाल धर्मशाला से शुरू होकर माधव चौक, कोर्ट रोड होते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के नेता भी एक मंच पर दिखाई दिए। भाजपा विधायक देवेंद्र जैन और कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह पीड़ित परिवार के साथ रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान अनय जैन के 65 वर्षीय दादा प्रकाश चंद्र जैन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर वे बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत वाहन से अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर की गाड़ी के सामने बैठ गए
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों को कलेक्टर नहीं मिले, जिसके बाद भीड़ ने पोहरी चौराहे पर चक्काजाम करने की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान अनय के पिता अभिषेक जैन अपने समर्थकों के साथ पोहरी चौराहे की ओर बढ़ रहे थे, तभी कलेक्ट्रेट के पास उन्हें कलेक्टर अर्पित वर्मा का वाहन दिखाई दिया। बताया गया कि अभिषेक जैन कलेक्टर की गाड़ी के सामने सड़क पर बैठ गए। इसके बाद कलेक्टर वाहन से नीचे उतरे और अभिषेक जैन से चर्चा की। बाद में कलेक्टर उन्हें अपने साथ पैदल दफ्तर ले गए, जहां परिवार से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अनय के पिता अभिषेक जैन ने इंटरसिटी बस संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर से बस रवाना होने के बाद से ही बस में तार जलने जैसी बदबू आ रही थी। इसकी जानकारी ड्राइवर और स्टाफ को कई बार दी गई, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इमरजेंसी गेट की जानकारी तक नहीं थी
अभिषेक जैन के मुताबिक, बस मक्सी स्थित जैन पथ होटल पर रुकी थी। रात 11:51 बजे बस में आग लगना शुरू हुई और मात्र चार मिनट में यानी 11:55 बजे तक पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बस में नियम विरुद्ध प्लास्टिक का सामान भरा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैली। उन्होंने कहा कि बस में इमरजेंसी गेट की जानकारी तक नहीं लिखी थी, न ही शीशे तोड़ने की कोई व्यवस्था थी और बस में अग्निशमन यंत्र भी मौजूद नहीं था। अभिषेक जैन ने आरोप लगाया कि इंटरसिटी बस पूरी तरह अनफिट थी और संचालक केवल रंगरोगन कर बसों को सड़क पर दौड़ा रहा था। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की। विधायक कुशवाह बोले- शिवपुरी में भी यही हाल
आक्रोश रैली के दौरान कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि पूरे मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपुरी आरटीओ विभाग पूरी तरह सोया हुआ है और पैसों के दम पर वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई स्कूल बसें क्षमता से अधिक बच्चों को भरकर चल रही हैं और यातायात पुलिस नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों को शहर में प्रवेश दे रही है। विधायक ने कहा कि आम जनता की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है और पूरा सिस्टम माया का खेल बन चुका है। सीबीआई जांच और कठोर धाराएं जोड़ने की मांग
प्रदर्शन के बाद कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में पूरे मामले की उच्च स्तरीय अथवा सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही और सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी का मामला है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इससे पहले भी इंटरसिटी बस की इंदौर में खड़ी तीन बसों में आग लग चुकी है और अब चौथी बस मक्सी में जल गई। ऐसे में बीमा क्लेम के लिए जानबूझकर बसों में आग लगाए जाने की आशंका जताते हुए मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की गई है। परिजनों ने एफआईआर में BNS की धारा 105, 106(1), गैर इरादतन हत्या तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 192A जोड़ने की मांग की गई। साथ ही जिले से गुजरने वाली सभी इंटरसिटी बसों की फिटनेस जांच, सुरक्षा उपकरणों के बिना चल रही बसों को बंद करने, दोषियों के परमिट निरस्त करने और विशेष परिवहन जांच अभियान चलाने की मांग भी रखी।
Source link
अनय जैन की मौत पर CBI जांच की मांग:शिवपुरी में भाजपा-कांग्रेस एक साथ आए; बोले- गैर इरादतन हत्या का केस होना चाहिए














Leave a Reply