![]()
अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार रात कोरजा कॉलरी के पास बेहोशी की हालत में मिली युवती प्रभावती ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की जांच के सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। फिलहाल, हत्या जैसे आपराधिक प्रकरण के तहत मामला दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में युवती के किशोर मित्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रभावती के साथ कोरजा कॉलरी पंप हाउस के पास बात कर रहा था। तभी दो अन्य युवक वहां पहुंचे और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने किशोर के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। इस दौरान हमलावर युवती को दूर ले गए और उसके साथ बदसलूकी करने लगे। होश आने पर किशोर ने युवकों से हाथापाई की। शोरगुल सुनकर दोनों हमलावर फरार हो गए। इसके बाद किशोर ने युवती के भाई को बुलाया और प्रभावती को बिजुरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक मुराब ने बलात्कार की आशंका पर कहा कि किशोर के बयान के अनुसार युवती के साथ बलात्कार नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बयान के बजाय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर काम करेगी। मृतका के परिजनों ने बताया कि युवती अस्थमा से पीड़ित थी और पहले से उसका इलाज चल रहा था, जिससे वह शारीरिक रूप से कमजोर थी। प्राथमिक संभावना यह भी जताई जा रही है कि रात में हुई घटना के दौरान युवती की दम घुटने से मौत हो सकती है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Source link
अनूपपुर में 20 वर्षीय युवती की संदिग्धावस्था में मौत:पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया, पीएम रिपोर्ट का इंतजार















Leave a Reply