अमरोहा में अधिकारियों के सामने युवक ने किया आत्मदाह प्रयास:गंभीर हालत में दिल्ली में भर्ती, सपा ने की आरोपियों पर FIR की मांग




अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव पंजू सराय में एक गरीब परिवार के उत्पीड़न और एक सदस्य द्वारा आत्मदाह के प्रयास के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) ने जिलाधिकारी (डीएम) को ज्ञापन सौंपा है। सपा ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि अधिकारियों के सामने ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने खुद को आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नवनीत कुमार गोला ने शनिवार को जिलाधिकारी अमरोहा को यह ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में शामिल सभी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंजू सराय निवासी अशोक प्रजापति और विपिन प्रजापति उर्फ गंगाराम प्रजापति के परिवार को कुछ अधिकारियों और पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया गया। उन पर मकान पर जबरन कब्जा करने का भी प्रयास किया गया। प्रशासनिक दबाव और अमानवीय व्यवहार से आहत होकर परिवार के एक सदस्य ने यह आत्मघाती कदम उठाया। सपा नेता नवनीत कुमार गोला ने इस घटना को प्रशासनिक तंत्र की संवेदनहीनता और भ्रष्टाचार का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब परिवार का उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की। इस अवसर पर दिनेश प्रजापति, मो. हारीश, साजिद अली, मो. सलमान, कमल राणा, भल्लू वकील, सोनू प्रजापति और देवराज प्रजापति सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *