अमरोहा में नहर पुल के नीचे मिले शव का खुलासा:युवक के नशे से परेशान मां ने बेचे थे जेवर, भाई ने दी थी सुपारी




अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार को सूखी पड़ी मध्य गंगा नहर में युवक का शव मिलने के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि परिवार ने ही नशे और घरेलू कलह से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। मृतक की पहचान फरीदपुर निवासी 40 वर्षीय दुष्यंत पुत्र पीतम सिंह के रूप में हुई। उसके सिर पर गहरे घाव थे। पुलिस के अनुसार, दुष्यंत नशे का आदी था और अक्सर मारपीट करता था। उसके झगड़े निपटाने में परिवार की काफी जमीन बिक चुकी थी, जिससे परिजन बेहद परेशान थे। हत्या की साजिश में दुष्यंत के पिता पीतम सिंह, छोटे भाई संकित और मां माया देवी शामिल थे। पिता की रजामंदी से छोटे भाई संकित ने अपने दोस्त जोली निवासी ढेला नंगला को हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। मां माया देवी ने अपने जेवर बेचकर बयाने के तौर पर 55 हजार रुपये नकद जुटाए थे। जोली एक पेशेवर अपराधी बताया जाता है, जिसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि शुक्रवार रात रिश्तेदारी से लौटते समय दुष्यंत पर पेचकस और ईंट से हमला कर उसकी हत्या की गई। मौत होने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया, ताकि यह हादसा लगे। शहबाजपुर और श्यामपुर गांव के बीच मध्य गंगा नहर के पुल पर खून के निशान देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद करीब 15 फीट गहराई में शव मिला। पुलिस ने शक के आधार पर पिता पीतम सिंह और छोटे भाई संकित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गहन पूछताछ में दोनों टूट गए और उन्होंने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *