अयोध्या नहर में मिले शव की नहीं हुई पहचान:72 घंटे बाद हुआ पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि




अयोध्या जिले के खण्डासा थाना क्षेत्र से गुजर रही शारदा सहायक नहर में मिले एक अज्ञात युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है, जिसमें युवक की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार, खण्डासा थाना क्षेत्र के सतनापुर गांव के पास शारदा सहायक यूनाइटेड ब्रांच नहर में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव उतराता हुआ देखा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक खण्डासा सुरेंद्र कुमार सोनकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। युवक की तस्वीरें आसपास के जिलों के थानों में भेजी गईं और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। हालांकि, मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पहचान के लिए मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया था। काफी इंतजार के बाद भी जब कोई परिजन या परिचित शव की पहचान करने नहीं पहुंचा, तब पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पियूष पाल ने बताया कि मृतक युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस अभी भी युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास के जनपदों से संपर्क किया जा रहा है ताकि मृतक के परिजनों तक घटना की जानकारी पहुंचाई जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *