अयोध्या में भीषण गर्मी से बेहाल हुए लोग:पारा 40 डिग्री पार; रात में भी नहीं मिली राहत, मौसम विभाग ने दी चेतावनी




अयोध्या में गांव से लेकर शहर तक भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पछुआ हवाओं की गर्माहट ने मौसम को और अधिक तप्त बना दिया है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को दिनभर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दी। वहीं रात का तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज स्थित मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 82 प्रतिशत तथा न्यूनतम 48 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। हवा की गति 3.2 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवाएं दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि आगामी 24 घंटों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हवाएं सामान्य से तेज गति से चल सकती हैं, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में 20 मई के आसपास कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *