अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन:धनोरा थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग




सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सर्रा में रविवार को अवैध शराब बिक्री के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोला। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में खुलेआम कच्ची और पक्की शराब बेची जा रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। नशा मुक्ति अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे लंबे समय से गांवों में गुप्त रूप से शराब के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनका उद्देश्य बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज को नशामुक्त बनाना है। शादी-विवाह के व्यस्त दौर में भी यह अभियान निरंतर जारी रखा गया है। शराबबंदी लागू करने के बाद अवैध कारोबार ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के कई आदिवासी गांवों में पहले सामूहिक रूप से शराबबंदी लागू की गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग दोबारा अवैध शराब बेचने लगे हैं। इससे गांवों में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और दूर-दराज के क्षेत्रों से शराब पीने वालों की आवाजाही भी बढ़ी है। नशा मुक्ति अभियान के संयोजक सुरेंद्र जैन, जनपद उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह और पेसा एक्ट सेक्टर अध्यक्ष शिव उईके के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धनोरा मुख्यालय में रैली निकाली और नारेबाजी की। इसके बाद सभी ग्रामीण थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। उग्र आंदोलन की चेतावनी रैली में शामिल महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा और शराब माफियाओं को गांव का माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *