अशोकनगर के घरों में निकल रही चिंगारी:20 दिन के भीतर 50 बार आग लगी, सामान-कपड़े जले; जांच के लिए आएंगे भू-विज्ञानी




अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र स्थित बाढ़ौली गांव में अज्ञात कारणों से बार-बार आग लगने का मामला सामने आया है। यहां राजेश राजपूत के घर में पिछले 20 दिनों के भीतर 50 से अधिक बार अचानक आग लग चुकी है। इन घटनाओं में घर का ज्यादातर सामान जलकर खाक हो गया है। आग के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन ने भोपाल से भू-विज्ञानियों की टीम बुलाने का निर्णय लिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। घर में रखे बच्चों के कपड़ों में भी अचानक आग लगने की बात सामने आई है। रविवार शाम को एक घटना कैमरे में कैद हुई, जिसमें लकड़ी के तखत के नीचे रखी मिक्सी में चिंगारी उठने लगी। इसी दौरान पास रखे एक पालने में भी आग सुलग गई। परिवार लगातार इस डर में जी रहा है कि आग दोबारा किसी भी समय भड़क सकती है। दूसरे मकान में भेजा, वहां भी हुआ हादसा
सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों और महिलाओं को गांव के ही एक अन्य मकान में स्थानांतरित किया गया था। वहां भी इसी तरह आग भड़क उठी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एसडीएम इसरार खान और थाना प्रभारी अरविंद कछुवाह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बात कर उन्हें पूरी तरह से सुरक्षित स्थान पर ठहराने की व्यवस्था की है। 20 दिन से दहशत में है परिवार और ग्रामीण
पीड़ित सतेंद्र सिंह ने बताया, “हमारा परिवार पिछले 20 दिनों से लगातार डर और परेशानी में है।” वहीं, गांव के सरपंच वीरेंद्र सिंह ने कहा कि, “इन घटनाओं से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरा गांव भयभीत है। लगातार सामान जलने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।” प्रशासन फिलहाल पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *