अशोकनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:गर्दन पर चोटें; पोस्टमार्टम बिना शव ले जाने पर अड़े परिजन, समझाइश के बाद जांच शुरू




अशोकनगर जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाए एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के पिपरोद आलम गांव की 24 वर्षीय पायल पति राजकुमार चंदेल को शनिवार रात 8 बजे अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की गर्दन पर चोट के निशान होना बताया गया है। मृत घोषित होने के बाद शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया था, लेकिन रविवार सुबह से ही परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना उसे घर ले जाने की जिद पर अड़े थे। हालांकि, मृतका की गर्दन पर चोटों के निशान होने के कारण डॉक्टरों और पुलिस ने शव परिजनों को सौंपने से इनकार कर दिया। रविवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। इसके बाद महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस मामले में डॉक्टरों का कहना है कि मृतका की गर्दन पर चोटें थीं, जिससे यह आशंका है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की हो या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई हो। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *