![]()
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। एक लाख रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी कुख्यात कलुआ उर्फ कालिया को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर अलग-अलग जिलों में 24 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त कलुआ उर्फ कालिया पुत्र लाल मोहम्मद, निवासी नदरेई, थाना कासगंज नगर, जनपद कासगंज का रहने वाला है। एसटीएफ आगरा यूनिट ने उसकी गिरफ्तारी थाना छत्ता क्षेत्र स्थित हाथी घाट, यमुना किनारा, रेलवे ब्रिज के नीचे से बुधवार रात करीब 8:15 बजे की।
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि प्रदेश में इनामी व फरार अपराधी सक्रिय होकर चोरी, लूट और अन्य घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी के तहत एसटीएफ फील्ड इकाई आगरा के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में कलुआ उर्फ कालिया ने स्वीकार किया कि वह पहले कासगंज में रहकर अपने गिरोह के साथ चोरी, लूट और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता था। हरदोई जिले में भी उसने कई चोरी की घटनाएं कीं। पुलिस से बचने के लिए वह आगरा, हाथरस, एटा और आसपास के जिलों में छिपकर वारदातें करता रहा।
उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 14/15 जनवरी 2017 की रात मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर हमला कर 7 भैंसें लूट ली थीं, जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ। 25/26 दिसंबर 2020 को अलीगढ़ के गांधी पार्क क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और 46 हजार रुपये की लूट की घटना में भी उसका नाम सामने आया। इसके अलावा 5 दिसंबर 2018 को मैनपुरी में हत्या के मामले और 26 नवंबर 2020 को हरदोई में टाटा 407 से आए बदमाशों द्वारा भैंस चोरी की घटना में भी वह शामिल रहा। एसटीएफ अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य अपराधों की जानकारी जुटा रही है
Source link
आगरा एसटीएफ ने गिरफ्तार किया एक लाख का इनामी:लंबे समय से चल रहा था फरार, 24 मुकदमे हैं दर्ज















Leave a Reply