आज से ब्रज में उमड़ेगा आस्था का सैलाब:पुरुषोत्तम माह में भक्त देंगे 84 कोस परिक्रमा,मंदिरों में मनाए जाएंगे उत्सव




पुरुषोत्तम माह के दौरान ब्रजधाम में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस वर्ष ज्येष्ठ मास का अधिक महीना है, जो रविवार 17 मई से आरम्भ होकर 15 जून तक चलेगा। सनातन वर्षीय अन्य बारह महीनों से उलट इस माह में पहले शुक्ल पक्ष व पीछे कृष्ण पक्ष आएगा। दान – पुण्य एवं पाठ – पूजा के लिए विख्यात पुरुषोत्तम माह में जहाँ कई धर्म स्थलों में समूचे साल के उत्सव – महोत्सव मनाए जाएंगे, वहीं बहुत से स्थानों पर कथा – भागवत – प्रवचन आदि के कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान ब्रज 84 कोस की परिक्रमा देने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ेगा। भगवान विष्णु को समर्पित पुरषोत्तम माह को अधिक, लौंद और मल मास भी कहते हैं। इस महीने में प्रायः सभी धर्म केंद्रों में प्रभु के अद्भुत दर्शन व अनुपम सेवा सहित कई प्रकार के धार्मिक – सांस्कृतिक समारोहों का आयोजन किया जाएगा। हालांकि कुछ मंदिरों में अधिक माह में समूचे साल के पर्व – त्यौहार मनाए जाते हैं, लेकिन बाँके बिहारी मंदिर में सिर्फ़ दैनिक दर्शन, सामान्य पर्वायोजन एवं विशेष सेवा पूजा का ही विधान है। मनेगी होली और दिवाली अधिक मास में ब्रज के मंदिरों में दिवाली और होली मनाई जाएगी। ब्रज के प्रसिद्ध नंदबाबा मंदिर में 17 मई से 15 जून तक चलने वाले पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के दौरान पूरे माह विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सवों की धूम रहेगी। मंदिर में वर्ष भर मनाए जाने वाले सभी प्रमुख उत्सवों को अधिक मास में उनकी निर्धारित तिथियों के अनुसार परंपरागत विधि-विधान और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। मंदिर के सेवायत सुशील गोस्वामी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास को ब्रज में विशेष आध्यात्मिक महत्व प्राप्त है। इसी कारण इस पूरे मास में श्रद्धालुओं को एक साथ विभिन्न पर्वों और लीलाओं के दर्शन एवं उत्सवों में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान नंदगांव में होली, दिवाली, जन्माष्टमी, गोपाष्टमी, शरद पूर्णिमा, गोवर्धन पूजा और दानलीला जैसे उत्सव पूरे पारंपरिक ब्रज स्वरूप में मनाए जाएंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा प्रतिदिन भजन-कीर्तन, श्रृंगार, झांकियों और प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। उत्सवों की शुरुआत 17 मई को गोवर्धन पूजा से होगी जहां अन्नकूट और छप्पन भोग भोग अर्पित किया जायेगा । इसके बाद 18 मई को रथ यात्रा , 19 मई को हरियाली तीज तथा 21 मई को नाग पंचमी एवं दाऊजी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 23 मई को गोपाष्टमी, 24 मई को बरसाना की होली और 25 मई को नंदगांव होली का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमेभक्त लोग जेठ के महीने में रंग, अबीर ग़ुलालबरसता हुए देखेंगे । इसके अलावा 29 मई को दानलीला तथा 30 मई को नृसिंह चतुर्दशी एवं पूर्णिमा तिथि पर शरद पूर्णिमा उत्सव आयोजित किया जाएगा। 1 जून को धुलेंडी खेली जाएगी। वहीं 8 जून को जन्माष्टमी और 9 जून को नंद महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पुरुषोत्तम मास का समापन 15 जून को दिवाली उत्सव के साथ होगा। राधावल्लभ मंदिर में होंगे आयोजन ब्रज के प्रसिद्ध राधावल्लभ मंदिर में 17 मई को दिन में बसन्त उत्सव तो रात को दिवाली मनाई जाएगी। 18 मई को चंदन दर्शन (अक्षय तीज) दिन में शाम को झूलन उत्सव होगा। 20 को 56 भोग दिवाली,21 मई होली सुबह और शाम को व्याहुला होगा। पुलिस ने किए इंतजाम अधिक माह में 84 कोस परिक्रमा मार्ग में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। ब्रज 84 कोस परिक्रमा मथुरा के अलावा अलीगढ़,राजस्थान के भरतपुर और डीग के अलावा हरियाणा के पलवल जिले से होकर निकलती है। मथुरा में परिक्रमा के 126 किलोमीटर के हिस्से में 5 जोन 11 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जोन के प्रभारी सीओ और सेक्टर के प्रभारी थाना प्रभारी बनाए गए हैं। पूरे परिक्रमा मार्ग में 5 सीओ, 6 इंस्पेक्टर,61 उप निरीक्षक,2 महिला उप निरीक्षक,84 हेड कांस्टेबल के अलावा 24 PRV वाहनों की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के लिए 8 स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं जहां एक एक स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रहेगी। गोवर्धन में यह रहेंगे इंतजाम अधिक माह में गोवर्धन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूरी गोवर्धन को एक सुपर जोन,3 जोन और 6 सेक्टर में बांटा गया है। यहां एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट,3 जोनल मजिस्ट्रेट और 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। गोवर्धन परिक्रमा में 3 सीओ,7 इंस्पेक्टर,4 महिला उप निरीक्षक, 38 उप निरीक्षक,201 कांस्टेबल,10 महिला कांस्टेबल,14 14 TSI,54 ट्रैफिक कांस्टेबल तैनात रहेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *